चलो छिया-छी हो अन्तर में! - chalo chhiya-chhee ho antar mein! -- माखनलाल चतुर्वेदी - Makhan Lal Chaturvedi #www.poemgazalshayari.in

चलो छिया-छी हो अन्तर में!
तुम चन्दा
मैं रात सुहागन

चमक-चमक उट्ठें आँगन में
चलो छिया-छी हो अन्तर में!

बिखर-बिखर उट्ठो, मेरे धन,
भर काले अन्तस पर कन-कन,
श्याम-गौर का अर्थ समझ लें

जगत पुतलियाँ शून्य प्रहर में
चलो छिया-छी हो अन्तर में!

किरनों के भुज, ओ अनगिन कर
मेलो, मेरे काले जी पर
उमग-उमग उट्ठे रहस्य,

गोरी बाँहों का श्याम सुन्दर में
चलो छिया-छी हो अन्तर में!

मत देखो, चमकीली किरनो
जग को, ओ चाँदी के साजन!
कहीं चाँदनी मत मिल जावे

जग-यौवन की लहर-लहर में
चलो छिया-छी हो अन्तर में!

चाहों-सी, आहों-सी, मनु-
हारों-सी, मैं हूँ श्यामल-श्यामल
बिना हाथ आये छुप जाते

हो, क्यों! प्रिय किसके मंदिर में
चलो छिया-छी हो अन्तर में!

कोटि कोटि दृग! मैं जगमग जो-
हूँ काले स्वर, काले क्षण गिन,
ओ उज्ज्वल श्रम कुछ छू दो

पटरानी को तुम अमर उभर में
चलो छिया-छी हो अन्तर में!

चमकीले किरनीले शस्त्रों
काट रहे तम श्यामल तिल-तिल
ऊषा का मरघट साजोगे?

यही लिख सके चार पहर में?
चलो छिया-छी हो अन्तर में!

ये अंगारे, कहते आये
ये जी के टुकडे, ये तारे
`आज मिलोगे’, `आज मिलोगे',

पर हम मिलें न दुनिया-भर में
चलो छिया-छी हो अन्तर में!


-  माखनलाल चतुर्वेदी - Makhan Lal Chaturvedi
#www.poemgazalshayari.in

Comments

Popular posts from this blog

Music Distribution क्या है? Music Distribution कैसे किया जाता है? Free और Paid Music Distribution Platforms की पूरी जानकारी

गैस की कमी में खाना बनाने के 20+ स्मार्ट तरीके | Complete Guide for Smart Cooking Article Ambika Rahee

प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना (PM Vishwakarma Yojana) – पूरा प्रोसेस, ट्रेनिंग, टूल्स और फायदे